मोदी सरकार में वनवासियों का हो रहा सर्वांगीण विकास :अर्जुन मुण्डा

- लंबे समय से वनवासियों के बीच काम कर रहा अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम


कानपुर। केन्द्र की मोदी सरकार भारत माता के सभी सपूतों के उत्थान के लिए दृढ़ संकल्पित है। इसी के चलते समाज से दूर रहकर जंगल में जीवन यापन करने वाले वनवासियों के लिए कई योजनाएं काम कर रही हैं। इन योजनाओं के जरिये वनवासियों का आर्थिक और सामाजिक विकास के साथ सर्वांगीण विकास हो रहा है। इसके साथ ही लंबे समय से इनके बीच काम कर रहे अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम की भी महती भूमिका है। यह बातें रविवार को कानपुर आये केन्द्रीय जनजातीय मामलों के मंत्री अर्जुन मुण्डा ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय सनातन धर्म विद्यालय में आयोजित 22वीं राष्ट्रीय वनवासी क्रीड़ा प्रतियोगिता के शुभारंभ के दौरान कहीं।

उन्होंने कहा कि भारत केवल एक भूभाग ही नहीं है बल्कि भारत एक जीवंत आत्मा है, यह भारत माता है। भारत के अंदर समाज से दूर रहकर जंगल में रहकर जीवन यापन करने वालों लोगों के उत्थान के लिए 26 दिसंबर 1952 को पूज्य बाला साहब देश पांडेय ने वनवासी कल्याण आश्रम की स्थापना छत्तीसगढ़ में की थी। जिसका उद्देश्य आदिवासी एवं वनवासियों के जीवन बसर में विकास के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य के क्षेत्र में कार्य करने के साथ-साथ धर्म, संस्कृति, परंपराओं का संरक्षण एवं संवर्धन एवं उनके अधिकारों की रक्षा के लिए जागरूक समाज का निर्माण करना है। इस उद्देश्य को पूरा करने के लिए वनवासी कल्याण आश्रम के लाखों कार्यकर्ता दृढ़ संकल्पित हैं। आगे कहा कि केंद्र सरकार और उनका मंत्रालय वनवासी आश्रम के सभी कार्यों में सहयोग के लिए हमेशा तैयार है। प्रतियोगिता को लेकर कहा कि ऐसे आयोजन कई मामलों में खास होते हैं, प्रतियोगिता में आए लोगों के लिए देश को करीब से जानने और समझने का मौका है। इससे देश की संस्कृति को जानने का अवसर मिलता है।