कल्याणपुर थाना क्षेत्र में बीते दिनों दिनदहाड़े सेवानिवृत्व महिला स्वास्थ्य कर्मी की हत्या

कानपुर


जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में बीते दिनों दिनदहाड़े सेवानिवृत्व महिला स्वास्थ्य कर्मी की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया। पुलिस ने हत्याकांड की घटना में बिहार से दो युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में एक मृतक महिला के दूसरे घर पर किरायेदार था और रुपयों के लालच में उसने साथी के साथ लूट की वारदात के दौरान हत्या की घटना अंजाम दिया था। 
कल्याणपुर के मस्वानपुर शिवनगर में रहने वाले स्वास्थ्य विभाग से सेवानिवृत्त महिला लक्ष्मी पति रामविलास के साथ रहती थी। बीती एक दिसम्बर को सेवानिवृत्त महिला स्वास्थ्य कर्मी की घर पर हत्या कर दी गई थी। घटना का पुलिस ने शनिवार को पर्दाफाश किया। पुलिस अधीक्षक पश्चिम अनिल कुमार ने बताया कि वारदात की जांच में सामने आया कि घर के दो मोबाइल व कुछ रुपये गायब हैं। जिससे लूट के इरादे से वारदात को अंजाम दिए जाने की दिशा में पुलिस ने जांच शुरु की। जांच में सामने आया कि मृतक महिला का पास ही में दूसरा मकान है। जहां किराये पर मूलरुप से बिहार के लखीसराय का रहने वाला रोहित सिंह रहता है। उसका दोस्त पटना निवासी अभिषेक सिंह भी इलाके में किराये पर रहता है। दोनों की कुछ समय पूर्व नौकरी छूट गई। जिसके चलते खर्च को लेकर दोनों परेशान थे। खर्च को लेकर परेशान रोहित ने अभिषेक को बताया कि पास ही में उसके माकन मालिक राम विलास पत्नी के साथ अकेले रहते हैं। दोनों के पास काफी पैसा है। वह रोज सुबह यहां पर आते हैं। इस दौरान उनके घर पर रकम चोरी कर आ जाना। योजना के तहत ही एक दिसम्बर की सुबह मकान मालिक जैसे ही दूसरे घर आया वैसे ही अभिषेक सुनियोजित योजना के तहत उनके दूसरे घर पर चोरी की वारदात करने पहुंच गया। जहां उसने सेवानिवृत्त स्वास्थ कर्मी महिला लक्ष्मी से चाबी मांगी तो महिला ने इंकार कर दिया। जिस पर उसने मोबाइल की डोरी से गला कस दिया। जान बचाने के लिए महिला किचन की ओर भाग तो उस पर अभिषेक ने हसिया से वार कर मौत के घाट उतार दिया। 


वही एसपी पश्चिम ने बताया कि हत्या के बाद वह उनके घर से आठ हजार की नकदी व दो मोबाइल लेकर भाग निकला। दोनों ने लूट की रकम आपस में बांटने के बाद बिहार चले गए। जांच में गायब मोबाइल को सर्विलांस पर लगा दिया गया। जिसे अभिषेक इस्तेमाल कर कानपुर लौटा और गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के बाद वारदात की योजना में शामिल साथी रोहित को भी पकड़ लिया गया। दोनों के कब्जे से लूट का मोबाइल व कुछ रुपये बरामद हुए हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।